गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: बेंगलुरु , शुक्रवार, 23 मार्च 2012 (15:44 IST)

येदियुरप्पा झुके, पार्टी का फैसला स्वीकार

येदियुरप्पा झुके, पार्टी का फैसला स्वीकार -
FILE
अपनी वापसी के लिए जबरदस्त अभियान चलाने के बाद बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को कहा कि वह अपनी सेवाओं के इस्तेमाल को लेकर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का फैसला स्वीकार करेंगे। वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा लगातार कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई परिवर्तन नहीं होगा।

हाल के दिनों में मुख्यमंत्री के रूप में अपनी बहाली के लिए जबरदस्त अभियान चलाने वाले येदियुरप्पा ने एक अस्थाई संघर्ष विराम पर सहमत होने के बाद कहा कि यह पार्टी पर निर्भर है कि वह मेरी सेवाओं का किस रूप में इस्तेमाल करती है। पार्टी अलाकामान जो भी फैसला करेगा, मुझे स्वीकार होगा।

दिल्ली में अध्यक्ष नितिन गडकरी, लालकृष्ण आडवाणी, अरुण जेटली और अन्य सहित वरिष्ठ भाजपा नेताओं से सलाह मशविरा कर लौटे कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी किसी पद पर जोर नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि पार्टी उचित समय पर उचित फैसला करेगी। दिल्ली में गौड़ा ने भी केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने अपने इस्तीफे के बारे में खबरों को खारिज किया और दावा किया कि पार्टी के केंद्रीय नेता उनकी सरकार और उनके द्वारा पेश किए गए बजट से खुश हैं।

गौड़ा ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई परिवर्तन नहीं होगा। उन्होंने येदियुरप्पा को राज्य का निर्विवाद नेता करार दिया। (भाषा)